अमरावती, पांच जून (भाषा) जन सेना ने शुक्रवार को विजयवाड़ा के व्यापारी लिंगमनेनी रमेश को आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया।
आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बृहस्पतिवार को निर्णय लिया कि तेलुगु देशम पार्टी राज्य से आगामी चार राज्यसभा सीट में से तीन पर चुनाव लड़ेगी, जबकि उसकी सहयोगी जन सेना शेष एक सीट पर उम्मीदवार उतारेगी।
आंध्रप्रदेश से ए अयोध्या रामी रेड्डी, परिमल नाथवानी, पी सुभाष चंद्र बोस और एस सतीश बाबू का राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है।
रेड्डी, नाथवानी और बोस वाईएसआरसीपी से हैं, जबकि बाबू सत्ताधारी तेदेपा से हैं।
वर्तमान में, वाईएसआरसीपी के पास राज्यसभा की सात सीट हैं, जबकि तेदेपा के पास दो सीट हैं। अठारह जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के बाद इस आंकड़े में फेरबदल हो सकता है।
आंधप्रदेश की 175 सदस्यीय विधानसभा में तेदेपा के पास 135, जनसेना के पास 21, भाजपा के पास आठ तथा वाईएसआरसीपी के पास 11 सीट हैं।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव