बारामती विमान दुर्घटना: सीआईडी ​​ने वीएसआर वेंचर्स के मालिक से पूछताछ की

Ads

बारामती विमान दुर्घटना: सीआईडी ​​ने वीएसआर वेंचर्स के मालिक से पूछताछ की

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 03:27 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 03:27 PM IST

पुणे, पांच मार्च (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने बारामती विमान दुर्घटना मामले में वीएसआर वेंचर्स के मालिक वीके सिंह से बृहस्पतिवार को पूछताछ की। एक सीआईडी अधिकारी ने यह जानकारी दी।

वीएसआर वेंचर्स उस विमान की संचालक है जो बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इस हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत हो गई थी।

सीआईडी के ​​अधिकारी ने पूछताछ के बारे में अधिक जानकारी दिये बिना कहा, ‘‘वी के सिंह का बयान दर्ज किया जा रहा है।’’ उन्होंनें कहा कि पूछताछ अभी जारी है।

वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित एक लियरजेट 45 विमान 28 जनवरी को पुणे जिले की बारामती हवाई पट्टी के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।

विमान दुर्घटना के बाद बारामती तालुका पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था और बाद में इसे पुणे सीआईडी ​​को सौंप दिया गया था।

इससे पहले, जांच एजेंसी ने कहा था कि उसका ध्यान इस बात का पता लगाने पर है कि क्या किसी गड़बड़ी या आपराधिक लापरवाही के कारण बारामती हादसा हुआ था।

एक सूत्र के अनुसार वी.के. सिंह से पूछताछ से कुछ दिन पहले, सीआईडी ​​ने विमान दुर्घटना की जांच के सिलसिले में वीएसआर वेंचर्स को कुछ सवाल भेजे थे।

राकांपा (शप) विधायक रोहित पवार ने बुधवार को आरोप लगाया था कि कोई वीएसआर वेंचर्स को बचाने की कोशिश कर रहा है और दावा किया था कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की प्रारंभिक जांच ने उनके द्वारा पहले उठाए गए संदेहों की पुष्टि कर दी है।

हवाई दुर्घटना पर 22-पृष्ठ की अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में, एएआईबी ने कहा कि दुर्घटना के समय दृश्यता आवश्यक स्तर से कम थी।

कुछ दिन पहले, अजित पवार के बेटे जय पवार ने सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो साझा किया था जिसमें आरोप लगाया गया था कि वी के सिंह के बेटे रोहित सिंह को उड़ान के दौरान मुख्य पायलट की सीट पर सोते हुए देखा गया था और उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।

उन्होंने यह भी मांग की थी कि इस विमान दुर्घटना की जांच पूरी होने तक वीएसआर वेंचर्स के सभी विमानों को उड़ान भरने से रोका जाये।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश