बारामती विमान दुर्घटना: रोहित पवार ने वीएसआर वेंचर्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई
बारामती विमान दुर्घटना: रोहित पवार ने वीएसआर वेंचर्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई
मुंबई, 25 फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) विधायक रोहित पवार ने 28 जनवरी को हुए उस विमान हादसे के संबंध में बुधवार को यहां एक पुलिस थाने में वीएसआर वेंचर्स और उसके निदेशकों के खिलाफ एक शिकायत दी, जिसमें उनके चाचा एवं महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु हो गई थी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चूंकि यह मामला दुर्घटना के बाद बारामती में दर्ज आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट से जुड़ा है, इसलिए शिकायत को पुणे के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को भेजा जा रहा है।
पुणे जिले के बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हुए उस लेयरजेट-45 विमान का संचालन वीएसआर वेंचर्स कंपनी कर रही थी, जिसमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख अजित पवार और चार अन्य लोग सवार थे। नागरिक उड्डयन निदेशालय (डीजीसीए) ने मंगलवार को ‘वीएसआर वेंचर्स’ को चार विमानों का उपयोग फिलहाल नहीं करने का निर्देश दिया।
विमान दुर्घटना से संबंधित परिस्थितियों पर सवाल उठा रहे रोहित पवार ने इससे पहले दिन में कहा था कि मुंबई पुलिस ने विमान दुर्घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया।
रोहित पवार ने सोशल मीडिया मंच पर पोस्ट किये गए एक संदेश में दावा किया, ‘‘कल डीजीसीए की रिपोर्ट आई जिसमें कहा गया है कि यह दुर्घटना वीएसआर कंपनी की लापरवाही के कारण हुई थी।’’
वह एक प्राथमिकी दर्ज करने की मांग के लिए पार्टी के विधायकों अमोल मितकारी, इदरीस नाइकवाडी और संदीप क्षीरसागर के साथ दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस थाने गए। रोहित पवार ने दावा किया कि जब उनका बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हुई, तो एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया और उनके आवेदन को केवल औपचारिकता के तौर पर स्वीकार कर लिया।
अहिल्यानगर जिले के कर्जत-जामखेड विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पवार ने पोस्ट में कहा, ‘‘पुलिस के इस रवैये ने विमान दुर्घटना को लेकर हमारे संदेह को और भी गहरा कर दिया है। अगर विपक्ष और सत्ताधारी दोनों दलों के निर्वाचित प्रतिनिधियों की मांग के बावजूद पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को खारिज कर रही है, तो यह महाराष्ट्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।’’
रोहित पवार ने आरोप लगाया कि सरकार और सरकारी तंत्र किसी को संरक्षण दे रहे प्रतीत होते हैं। उन्होंने कहा कि उनके चाचा ‘‘अजित पवार से प्यार करने वाले सभी लोग’’ बृहस्पतिवार सुबह प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए बारामती तालुका पुलिस थाने जाएंगे।
गौरतलब है कि वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) ने अभी तक इस घातक दुर्घटना पर अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट जारी नहीं की है।
इस बीच, रोहित पवार ने डीजीसीए पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि उसने पहले वीएसआर वेंचर्स को ‘क्लीन चिट’ देने की कोशिश की, लेकिन बाद में यह स्वीकार किया कि कंपनी ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया था।
उन्होंने कहा कि बारामती में विमान दुर्घटना के कुछ घंटे बाद, 28 जनवरी को दोपहर 1.36 बजे, डीजीसीए ने एक रिपोर्ट जारी की, जिसमें कहा गया कि फरवरी 2025 में किए गए पिछले नियामक ऑडिट में वीएसआर वेंचर्स के खिलाफ कोई ‘लेवल-1 निष्कर्ष’ दर्ज नहीं किये गए थे।
राकांपा (शप) विधायक ने आरोप लगाया, “जब अजित पवार का पार्थिव शरीर अस्पताल ले जाया गया, तब डीजीसीए ने रिपोर्ट जारी की। यह वीएसआर को क्लीन चिट देने का पहला प्रयास था।”
पवार के अनुसार, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने 28 जनवरी को कहा था कि वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित लेयरजेट विमानों में सुरक्षा संबंधी कोई चिंता नहीं है और डीजीसीए द्वारा गहन मूल्यांकन के बाद सभी स्वीकृतियां प्रदान की गई थीं।
उन्होंने कहा, “मंगलवार को आई डीजीसीए की रिपोर्ट कंपनी के खिलाफ मेरी मांग के संबंध में आंशिक सफलता है। इसका मतलब है कि संवाददाता सम्मेलन में मेरे पहले के दावे और उस समय उठाए गए मुद्दे अब डीजीसीए द्वारा स्वीकार किए गए हैं।”
उन्होंने यह भी सवाल किया कि वीएसआर वेंचर्स के शेष विमानों को उड़ान भरने की अनुमति क्यों दी गई। पवार ने मांग की, “वीएसआर से जुड़े सभी विमानों का उपयोग नहीं करने का निर्देश दिया जाना चाहिए।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तेदेपा के कुछ नेताओं के वीएसआर वेंचर्स के साथ व्यावसायिक संबंध हैं और वे कंपनी को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। पवार ने कहा, “मैं नागरिक उड्डयन मंत्री नायडू के इस्तीफे पर जोर दूंगा।”
नागरिक उड्डयन मंत्री तेदेपा से ही संबद्ध हैं।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश

Facebook


