सितंबर में देशभर में एक साथ छह संस्करणों के साथ लौटेगा ‘बिग बॉस’
सितंबर में देशभर में एक साथ छह संस्करणों के साथ लौटेगा ‘बिग बॉस’
मुंबई, 20 जुलाई (भाषा) ‘जियो स्टार’ ने सोमवार को कहा कि उसके रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के छह संस्करण इस त्योहारी सीजन में देशभर में शुरू किए जाएंगे। हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बांग्ला भाषाओं में सितंबर से इसका प्रसारण होगा।
कंपनी ने ‘इंडियाज बिग रियलिटी’ नाम की एक ‘कॉफी टेबल बुक’ भी पेश की जिसमें पिछले दो दशक के दौरान इस कार्यक्रम के सफर, दर्शकों के जुड़ाव और विपणन पर पड़े असर को दिखाया गया है।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आगामी सीजन ‘जियो स्टार’ टेलीविजन नेटवर्क पर प्रदर्शित किये जाएंगे और ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘जियो हॉटस्टार’ पर भी उपलब्ध होंगे।
नये सीजन का संचालन सलमान खान (हिंदी), विजय सेतुपति (तमिल), नागार्जुन (तेलुगु), किच्चा सुदीप (कन्नड़), मोहनलाल (मलयालम) और भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली करेंगे। गांगुली बांग्ला सीजन के प्रस्तोता के तौर पर इस कार्यक्रम से जुड़ रहे हैं।
‘जियो स्टार’ के अनुसार, 2025 में यह रियलिटी शो अलग-अलग भाषाओं में 50 करोड़ से अधिक दर्शकों को उपलब्ध हुई और इस कार्यक्रम को कुल 438 अरब मिनट से अधिक समय तक देखा गया।
जियोस्टार में एंटरटेनमेंट सेल्स (टीवी) के प्रमुख महेश शेट्टी ने कहा कि छह संस्करणों को एक साथ लाना कार्यक्रम के इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
भाषा सुरभि सुभाष
सुभाष

Facebook


