भाजपा और उसके सहयोगी दल महाराष्ट्र में महा संवाद यात्रा शुरू करेंगे

Ads

भाजपा और उसके सहयोगी दल महाराष्ट्र में महा संवाद यात्रा शुरू करेंगे

  •  
  • Publish Date - October 10, 2023 / 09:23 PM IST,
    Updated On - October 10, 2023 / 09:23 PM IST

मुंबई, 10 अक्टूबर (भाषा) अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले जनता तक पहुंचने के प्रयास के तहत शिवसेना, भाजपा और राकांपा (अजित पवार) गुट के शीर्ष नेता आने वाले दिनों में पूरे महाराष्ट्र में महासंवाद यात्रा शुरू करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता ने कहा कि मंगलवार को राज्य के कैबिनेट मंत्री और भाजपा नेता चंद्रकांत पाटिल के आवास पर हुई बैठक में इस कार्यक्रम पर चर्चा की गई।

इस बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे, उनकी पार्टी के सहयोगी और मंत्री छगन भुजबल तथा धनंजय मुंडे शामिल हुए। इसके अलावा बैठक में शिवसेना नेता और मंत्री उदय सामंत, पार्टी सांसद राहुल शेवाले, विधान परिषद के सदस्य प्रसाद लाड और भाजपा की मुंबई इकाई के प्रमुख आशीष शेलार भी शामिल हुए।

आशीष शेलार ने कहा, ‘‘हमने सत्ता में मौजूद तीनों सहयोगी दलों के नेताओं की एक रिपोर्ट तैयार की है और महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करने के उनके कार्यक्रम पर चर्चा की है। यह रिपोर्ट मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा अजित पवार के साथ साझा की जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के लिए कैसे तैयारी की जाए, इस पर तीनों दलों के भीतर प्राथमिक स्तर की चर्चा हुई है और तीनों प्रमुख नेताओं के समक्ष एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है।

भाषा रवि कांत माधव

माधव