पश्चिम बंगाल में भाजपा की विचारधारा को स्वीकार्यता मिली, सत्ता परिवर्तन से विकास आएगा: गडकरी

Ads

पश्चिम बंगाल में भाजपा की विचारधारा को स्वीकार्यता मिली, सत्ता परिवर्तन से विकास आएगा: गडकरी

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 03:55 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 03:55 PM IST

नागपुर, नौ मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘शानदार’ जीत से पता चलता है कि पार्टी की विचारधारा को अब वहां की जनता के बीच स्वीकार्यता मिल चुकी है और उनके द्वारा किया गया सत्ता परिवर्तन राज्य के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री गडकरी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता रवाना होने से पहले ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की।

हाल में संपन्न हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीट जीतकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 15 वर्षीय शासन का अंत किया और पूर्वी भारत में भाजपा की अब तक की सबसे महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।

भवानीपुर विधानसभा सीट से तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी को हराने वाले अधिकारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

तृणमूल के 2011 में सत्ता में आने से पहले, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे ने लगातार 34 वर्ष तक राज्य पर शासन किया था।

गडकरी ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल में भाजपा को पहली बार मिली शानदार जीत भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि है।’

उन्होंने कहा, ‘मुखर्जी ने बेहद प्रतिकूल परिस्थितियों में भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी और आज हमारी विचारधारा को बंगाल में स्वीकार्यता मिली है। यह हमारे सभी कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत खुशी की बात है… बंगाल के लोगों द्वारा लाया गया यह परिवर्तन भविष्य में राज्य के विकास के लिए निस्संदेह बहुत उपयोगी साबित होगा।’’

भाषा

राखी सिम्मी

सिम्मी