सोलापुर में ग्रीष्मकालीन शिविर के दौरान पिच रोलर के नीचे दबकर लड़के की मौत; दो कोच पर मामला दर्ज
सोलापुर में ग्रीष्मकालीन शिविर के दौरान पिच रोलर के नीचे दबकर लड़के की मौत; दो कोच पर मामला दर्ज
मुंबई, दो जून (भाषा) महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक ग्रीष्मकालीन शिविर के दौरान भारी पिच रोलर के नीचे आ जाने से 15 वर्षीय लड़के की मौत के बाद दो कोच और क्रिकेट संघों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मारे गए नाबालिग की पहचान आरव उर्फ वीरेन चौधरी के रूप में हुई। आरव को 30 मई की सुबह उस समय जानलेवा चोटें आईं जब वह अन्य बच्चों के साथ अभ्यास सत्र के लिए पिच तैयार करते समय उपकरण को खींच रहा था, लेकिन वह उसके नीचे दब गया।
पुलिस के अनुसार, बच्चे प्रशिक्षकों के निर्देशों पर यह काम कर रहे थे और गतिविधि की निगरानी के लिए मौके पर कोई पर्यवेक्षक मौजूद नहीं था।
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बच्चे बिना किसी वयस्क की देखरेख या सुरक्षा उपायों के भारी उपकरण खींच रहे थे, जिसके बाद बार्शी शहर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत दो प्रशिक्षकों और क्रिकेट संघों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
उन्होंने बताया कि लड़के की मौत के कारणों की जांच जारी है।
भाषा
सुरभि मनीषा
मनीषा

Facebook


