मुंबई हवाई अड्डे पर व्यापारी से लाखों रुपये की ठगी

Ads

मुंबई हवाई अड्डे पर व्यापारी से लाखों रुपये की ठगी

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 10:33 PM IST

मुंबई, 11 सितंबर (भाषा) दुबई से लौट रहे सूरत के एक कपड़ा व्यापारी के साथ यहां छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कथित तौर पर धोखाधड़ी हुई और उनसे लगभग 1.95 करोड़ रुपये कीमत का 1.5 किलोग्राम सोना और 1.28 लाख यूएई दिरहम (लगभग 33.35 लाख रुपये) नकद ठग लिए गए। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सहार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि 67 वर्षीय व्यापारी की शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ ठगी, आपराधिक विश्वासघात और अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने शिकायत के हवाले से बताया कि कपड़ों का कारोबार बंद करने के बाद नया व्यापार शुरू करने की तलाश में जुटे व्यापारी की दुबई यात्रा के दौरान केरलम निवासी मोहम्मद आसिफ से मुलाकात हुई थी। आसिफ ने उन्हें सुझाव दिया था कि वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में कानूनी तरीके से सोना खरीदकर भारत में बेच सकते हैं।

अधिकारी के अनुसार, ‘इस सुझाव के बाद सूरत के व्यापारी ने पिछले महीने दुबई से 1.500 किलोग्राम सोना खरीदा, जिसकी कीमत 7,66,589 दिरहम बताई गई है। व्यापारी ने यह सोना कथित तौर पर उधार पर खरीदा था। उन्होंने भारत में सीमा शुल्क का भुगतान करने के लिए नकद 1,28,000 दिरहम अपने पास रखे थे।’

उन्होंने बताया कि दुबई से मुंबई लौटने के दौरान व्यापारी की मुलाकात नयास मोहम्मद कटुमदाथिल से हुई, जिसने अपने को मोहम्मद आसिफ का परिचित बताया।

अधिकारी ने बताया कि मुंबई में विमान उतरने के बाद नयास ने सीमा शुल्क घोषणा प्रक्रिया में मदद करने की पेशकश कर व्यापारी का विश्वास हासिल कर लिया।

उन्होंने कहा कि आव्रजन प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब व्यापारी आवश्यक सीमा शुल्क का भुगतान करने की तैयारी कर रहे थे, तभी नयास ने यह कहते हुए सोने और नकदी से भरा बैग ले लिया कि वह प्रक्रिया पूरी कराने में उनकी मदद करेगा।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद नयास कथित तौर पर बेंगलुरु की उड़ान पकड़कर फरार हो गया। इसके बाद व्यापारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

सहार थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को पकड़ने तथा सोना एवं नकदी बरामद करने के लिए जांच की जा रही है।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश