उद्धव के शिवाजी पार्क कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आयोजकों पर मामला दर्ज

Ads

उद्धव के शिवाजी पार्क कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आयोजकों पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 12:19 AM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 12:19 AM IST

मुंबई, 20 जुलाई (भाषा) मुंबई पुलिस ने शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में शिवाजी पार्क में आयोजित सभा के आयोजकों के खिलाफ बिना अनुमति प्रदर्शन करने और गैरकानूनी जमावड़ा लगाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, पिछले दो दिनों में मुंबई में बिना अनुमति आयोजित विभिन्न प्रदर्शनों के सिलसिले में कुल पांच प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं। इनमें मरीन ड्राइव, आजाद मैदान और शिवाजी पार्क थानों में दर्ज मामले शामिल हैं।

सोमवार को दादर स्थित चैत्यभूमि पर भी बिना अनुमति प्रदर्शन किए जाने के आरोप में कार्रवाई शुरू की गई। यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के ‘चलो संसद’ मार्च और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में आयोजित किया गया था, जिसमें कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चैत्यभूमि पर पीडब्ल्यूपी, माकपा और कॉजपा के समर्थकों को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी और प्रतिभागियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

रविवार को उद्धव ठाकरे ने शिवाजी पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वांगचुक को जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले जाए जाने का विरोध किया था और केंद्र सरकार के खिलाफ व्यापक आंदोलन का आह्वान किया था।

पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में आरोपियों पर सरकारी आदेश की अवहेलना, गैरकानूनी जमावड़ा और रास्ता रोकने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया।

इस बीच, मुंबई पुलिस ने 23 जुलाई से छह अगस्त तक सार्वजनिक स्थानों पर पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस निकालने, लाउडस्पीकर के इस्तेमाल और पटाखे जलाने पर रोक लगाने के आदेश भी जारी किए हैं।

पुलिस का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए उठाया गया है।

भाषा

राखी रंजन

रंजन