अमरावती, 17 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार हर साल जिला चयन समिति (डीएससी) के माध्यम से भर्ती करेगी और खिलाड़ियों को रोजगार तथा अन्य सहायता उपलब्ध कराकर खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देगी।
अमरावती में, मानसून सत्र के पहले दिन लोकेश ने विधानसभा में कहा कि सरकार ने ‘‘मेगा जॉब कैलेंडर’’ के तहत इस साल डीएससी के माध्यम से शिक्षकों के 3,000 रिक्त पदों को भरा है।
उन्होंने कहा कि अब तक समूह-एक, समूह-दो और डीएससी भर्तियों के जरिए करीब 10,060 पदों को भरा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) हाल ही में पूरी हुई है।
लोकेश ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि सभी चयनित शिक्षक ‘उगादी’ से पहले व्यवस्था में शामिल हो जाएं। उन्हें अगले शैक्षणिक वर्ष के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा और स्कूलों में उनकी तैनाती की जिम्मेदारी भी सरकार उठाएगी।
लोकेश ने खेल कोटे के तहत भर्ती के संबंध में कहा कि आंध्र प्रदेश भारत को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाला देश बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर दिया कि राज्यों को खेलों के विकास को गंभीरता से लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने खिलाड़ियों के बीच इस गलत धारणा को दूर करने की जरूरत पर जोर दिया है कि खेलों में करियर बनाने से उनका भविष्य असुरक्षित हो सकता है।
लोकेश ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी और जमीन उपलब्ध कराकर इस चिंता का समाधान कर रही है।
उन्होंने ओलंपिक पदक विजेता पी. वी. सिंधु का उदाहरण देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने उन्हें सरकारी नौकरी और जमीन उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि सिंधु आने वाले वर्षों में “आईएएस दर्जा” के लिए पात्र हो जाएंगी।
लोकेश ने स्पष्ट किया कि खेल कोटे के तहत भर्ती का उद्देश्य खिलाड़ियों को नियमित परीक्षाओं में शामिल करना नहीं, बल्कि खेल कोटे के तहत नियुक्तियां देकर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश