टीसीएस यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी को आश्रय देने के आरोप में एआईएमआईएम पार्षद गिरफ्तार

Ads

टीसीएस यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी को आश्रय देने के आरोप में एआईएमआईएम पार्षद गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 03:33 PM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 03:33 PM IST

नासिक, सात अगस्त (भाषा) नासिक पुलिस ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में ‘यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन’ के मामले में एक आरोपी को मदद और आश्रय देने के आरोप में छत्रपति संभाजीनगर से ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के एक पार्षद को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मतीन पटेन को बृहस्पतिवार को हिरासत में लिया गया। पटेल पर आरोप है कि उन्होंने आरोपी निदा खान को पनाह दी।

पुलिस के अनुसार, पटेल को जांच में शामिल होने के लिए तलब किया गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। एक अधिकारी ने कहा, ‘नासिक शहर पुलिस की अपराध शाखा की एक विशेष टीम छत्रपति संभाजीनगर गई और पटेल को यहां लेकर आई।’

अधिकारियों ने बताया कि निदा खान की गिरफ्तारी के बाद (जिसे अब जमानत मिल चुकी है), पुलिस ने पटेल और उस मकान के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जहां वह रह रही थी।

उन्होंने बताया कि पटेल को दिन में बाद में अदालत में पेश किया जाएगा।

नासिक पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की यहां स्थित एक शाखा में कर्मचारियों के कथित शोषण, जबरदस्ती धर्म परिवर्तन की कोशिश, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न से जुड़े कुल नौ मामलों की जांच कर रहा है। यह मामला मार्च में सामने आया था।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप