मुंबई-गोवा वंदे भारत एक्सप्रेस से मवेशी टकराये, कई घंटों तक यातायात रहा प्रभावित

मुंबई-गोवा वंदे भारत एक्सप्रेस से मवेशी टकराये, कई घंटों तक यातायात रहा प्रभावित

मुंबई-गोवा वंदे भारत एक्सप्रेस से मवेशी टकराये, कई घंटों तक यातायात रहा प्रभावित
Modified Date: February 9, 2026 / 07:19 pm IST
Published Date: February 9, 2026 7:19 pm IST

मुंबई, नौ फरवरी (भाषा) देश के सबसे व्यस्त रेलमार्गों में से एक मुंबई-गोवा खंड पर यातायात सोमवार को महाराष्ट्र के कुडाल और सिंधुदुर्ग स्टेशन के बीच मवेशियों के एक वंदे भारत एक्सप्रेस से टकराने और उपकरणों को क्षति पहुंचने की वजह से घंटो तक बाधित रहा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना कोंकण रेलवे के अंतर्गत आने वाले मार्ग पर पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे हुई।

उन्होंने बताया कि मुंबई से गोवा के मडगांव जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस से भटककर पटरियों पर आ गए तीन मवेशी टकरा गए जिससे बिजली आपूर्ति करने वाले तार (ओवरहेड इक्विपमेंट) को नुकसान हुआ।

कोंकण रेलवे के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’को बताया, ‘‘ ट्रेन से टकराने के बाद मवेशी बिजली आपूर्ति करने वाले खंभे से टकरा गए जिससे खंभा मुड़ गया। इस खंड पर करीब तीन घंटे तक रेलगाड़ियों का आवागमन बाधित रहा। काफी कोशिशों के बाद, अपराह्न करीब 2:30 बजे क्रमबद्ध तरीके से रेल यातायात को बहाल किया गया। हमें खराब उपकरणों की मरम्मत के लिए बिजली आपूर्ति रोकनी पड़ी।’’

उन्होंने बताया कि रेलखंड पर मरम्मत के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस को कुछ घंटों की देरी के बाद उसके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

भाषा धीरज प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में