मुंबई, 27 मार्च (भाषा) शिवसेना (उबाठा) की नेता सुषमा अंधारे ने शुक्रवार को दावा किया कि महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रुपाली चाकणकर ने संगीत निर्देशक अनु मलिक को यौन उत्पीड़न के एक मामले में क्लीन चिट दी थी, जिसके बाद चाकणकर के बेटे को उनकी (अनु मलिक की) फिल्म में काम मिला था।
हालांकि, मलिक ने राकांपा नेता चाकणकर के बेटे को काम देने के आरोप को खारिज कर दिया, जबकि चाकणकर ने प्रतिक्रिया मांगने के लिए की गई कॉल का जवाब नहीं दिया।
अंधारे ने पत्रकारों से कहा कि चाकणकर के अध्यक्ष रहते हुए दो-तीन महिलाओं ने राज्य महिला आयोग में बॉलीवुड संगीतकार मलिक के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दी थीं।
अंधारे ने कहा, “अनु मलिक को क्लीन चिट दी गई। इसके बाद रुपाली चाकणकर के बेटे सोहम चाकणकर को अनु मलिक के प्रोडक्शन वाली फिल्म में काम मिल गया।”
जब ‘पीटीआई-भाषा’ ने मलिक से संपर्क किया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें पहले एनसीडब्ल्यू और फिर महाराष्ट्र महिला आयोग से क्लीन चिट मिली थी।
मलिक ने कहा, “मैंने कुछ गलत नहीं किया। मैंने किसी को कोई काम नहीं दिया और न ही किसी के लिए कोई व्यवस्था की।”
पिछले सप्ताह बलात्कार मामले में आरोपी स्वयंभू बाबा अशोक खरात से संबंध सामने आने के बाद चाकणकर ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। चाकणकर को 2021 में इस पद पर नियुक्त किया गया था।
खरात पर कई महिलाओं के यौन शोषण का आरोप है और उसे बलात्कार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप