नागपुर, 14 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर शहर में खेलते समय एक खुले नाले में गिरने से साढ़े तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम यशोदरा नगर पुलिस थाना क्षेत्र में घटी।
उन्होंने बताया कि मोहम्मद कौनेन अंसारी अपने छह वर्षीय चचेरे भाई के साथ खेल रहा था और दोनों दौड़ लगा रहे थे, तभी कौनेन एक खुले नाले में गिर गया और डूब गया।
उन्होंने बताया कि जब बच्चा घर नहीं लौटा, तो उसके परिवार ने शिकायत दर्ज कराई और शुरू में अपहरण का मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि बच्चे के चचेरे भाई से पूछताछ के बाद, पुलिस को शनिवार सुबह नाले में बच्चे का शव मिला।
एक अधिकारी ने बताया, ‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह दुर्घटनावश डूबने का मामला है।’
मामले की जांच जारी है।
भाषा
राखी रंजन
रंजन