मुंबई, 11 जून (भाषा) पुलिस ने तीन वर्षीय एक बालक को पश्चिम बंगाल से छुड़ाया जिसे उसके चाचा ने दक्षिण मुंबई से कथित तौर पर अगवा कर लिया था। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
जे जे पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने अपहरण के करीब एक हफ्ते बाद बालक (3) को शनिवार को पश्चिम बंगाल के छोटा कुलबेरिया से छुड़ाया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्चे की मां ने चार जून को पुलिस से संपर्क करके आरोप लगाया था कि उसके चाचा उनकी अनुमति के बिना बालक को अपने साथ ले गए हैं और इस सिलसिले में अपहरण का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान, पुलिस को पता चला कि बच्चे को पश्चिम बंगाल के छोटा कुलबेरिया में रखा गया है जिसके बाद एक टीम उसे छुड़ाने के लिए वहां पहुंची। उन्होंने कहा कि तलाशी के बाद लड़के के चाचा को बाद में बड़ा कुलबेरिया इलाके से पकड़ा गया।
अधिकारी ने कहा कि आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 363 (अपहरण) और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है जबकि बालक को उसके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया है।
भाषा रवि कांत अमित
अमित