महाराष्ट्र में परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया 12वीं का रसायन विज्ञान का प्रश्नपत्र
महाराष्ट्र में परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया 12वीं का रसायन विज्ञान का प्रश्नपत्र
नागपुर, 21 फरवरी (भाषा) नागपुर में महाराष्ट्र बोर्ड द्वारा आयोजित 12वीं के रसायन विज्ञान की परीक्षा होने से पहले प्रश्नपत्र के कथित तौर पर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस पेपर लीक के एक संदिग्ध मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा में कदाचार का यह मामला बुधवार को एक माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र में सामने आया। उनके मुताबिक, एक छात्रा के बार-बार शौचालय जाने से संदेह उत्पन्न हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षकों ने छात्रा का फोन जब्त किया और उसकी जांच करने पर पता चला कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही एक व्हाट्सएप समूह पर प्रश्नपत्र साझा किया गया था।
उन्होंने कहा कि उसी समूह में संभावित उत्तरों को भी साझा किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि छात्रा के बयान के आधार पर एक अन्य छात्र से पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने कहा कि मामले की प्रारंभिक जांच से यह संकेत मिलते हैं कि एक निजी कोचिंग से जुड़े व्यक्ति ने पैसों के बदले प्रश्नपत्र साझा किया था।
इस संबंध में सदर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा
प्रचेता प्रशांत
प्रशांत

Facebook


