मुंबई, 23 मई (भाषा) राजस्व खुफिया निदेशालय ने पिछले चार दिनों में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर 11.25 करोड़ रुपये मूल्य की 2.25 किलोग्राम कोकीन जब्त की है और चार विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि विशिष्ट जानकारी के आधार पर डीआरआई ने दो अलग-अलग अभियान चलाए।
शुक्रवार को अदीस अबाबा से आए एक पुरुष और एक महिला यात्री को रोका गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने कोकीन युक्त कैप्सूल निगलने की बात स्वीकार की।
उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया और 1.40 किलोग्राम कोकीन युक्त 84 कैप्सूल बरामद किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले मंगलवार को डीआरआई ने अदीस अबाबा से आ रहे एक अफ्रीकी पुरुष और एक महिला को रोका था। उन्होंने बताया कि उनके पास से कुल 63 कैप्सूल बरामद किए गए जिनमें 850 ग्राम कोकीन थी, जिसकी कीमत 4.25 करोड़ रुपये है।
भाषा
शुभम गोला
गोला