कांग्रेस के एमएलसी को दल बदलने के लिए 20 करोड़ रुपये की पेशकश की थी: राउत
कांग्रेस के एमएलसी को दल बदलने के लिए 20 करोड़ रुपये की पेशकश की थी: राउत
मुंबई, पांच जुलाई (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने रविवार को दावा किया कि कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) धीरज लिंगाडे को दल बदलने के लिए 20 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी, हालांकि एमएलसी ने इस आरोप से इनकार किया है।
राउत ने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया, और न ही उन्होंने यह स्पष्ट किया कि लिंगाडे को धन की पेशकश किसने की थी और एमएलसी को किस पार्टी में शामिल होना था।
राउत ने दावा किया, ‘‘आप पार्टी कार्यकर्ताओं, सांसदों और विधायकों को तोड़ रहे हैं… लिंगाडे को 20 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी। यह मेरी जानकारी में है।’’
उन्होंने कहा कि जो लोग यह नहीं समझते कि कहां रुकना है, उनका अंत बहुत दुखद होता है।
राउत ने कहा कि यह सभी नेताओं पर लागू होता है।
जनप्रतिनिधियों की जोड़-तोड़ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘किसी को तो रुकना होगा।’’
पत्रकारों से बातचीत में लिंगाडे ने ऐसी किसी भी पेशकश से इनकार करते हुए कहा कि वह राउत द्वारा किए गए इस दावे से हैरान हैं।
भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के वरिष्ठ नेता और राज्य मंत्री गिरीश महाजन ने भी राउत के दावे को खारिज कर दिया।
महाजन ने कहा कि राउत काल्पनिक आंकड़ों की बात करते रहते हैं।
उन्होंने राउत पर तंज कसते हुए कहा कि शिवसेना (उबाठा) को इसके बजाय अपने संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


