साइरस मिस्त्री की मौत का मामला : पालघर में होगा सड़क सुरक्षा ऑडिट

Ads

साइरस मिस्त्री की मौत का मामला : पालघर में होगा सड़क सुरक्षा ऑडिट

  •  
  • Publish Date - September 8, 2022 / 10:39 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:01 PM IST

पालघर, आठ सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर में एक सड़क दुर्घटना में उद्योगपति साइरस मिस्त्री और एक अन्य व्यक्ति की मौत के सिलसिले में जिला प्रशासन ने राजमार्ग अधिकारियों को सड़क सुरक्षा ऑडिट करने के लिए कहा है।

पालघर के जिलाधिकारी गोविंद बोडके ने इस ऑडिट की पुष्टि करते हुए पीटीआई-भाषा से कहा कि तकनीकी खामियों का पता लगाने और उन्हें कम करने के उपाय सुझाने के लिए 14 सितंबर को राजमार्ग अधिकारियों और पुलिस के संयुक्त दौरे की योजना बनाई गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारियों को मार्ग पर ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित हिस्सों) पर प्रमुख साइनबोर्ड लगाने के लिए कहा गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘अल्पकालिक उपाय के रूप में रंबलर को राजमार्ग पर लगाया जाएगा। वक्रों का निरीक्षण किया जाएगा और संयुक्त दौरे के दौरान लेन में कमी जैसे उपायों पर चर्चा की जाएगी।’’

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों ने दिन के दौरान बुलाई गई बैठक में कहा कि मुंबई-अहमदाबाद खंड को अधिकतम 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति के लिए डिज़ाइन किया गया था, लेकिन वहां निर्धारित सीमा से अधिक गति से वाहनों को चलाने का मुद्दा एक बड़ी समस्या है।

रविवार को एक सड़क दुर्घटना में टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मृत्यु हो गई थी।

भाषा रवि कांत नरेश

नरेश