महाराष्ट्र विधान परिषद की नौ सीट के लिए चुनाव 12 मई को होंगे: निर्वाचन आयोग

Ads

महाराष्ट्र विधान परिषद की नौ सीट के लिए चुनाव 12 मई को होंगे: निर्वाचन आयोग

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 01:34 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 01:34 PM IST

मुंबई, 16 अप्रैल (भाषा) भारत निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) की नौ सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 12 मई को होंगे।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एक प्रेस नोट के अनुसार, नौ सदस्यों का कार्यकाल 13 मई, 2026 को समाप्त होने वाला है जिसके कारण चुनाव कराना आवश्यक हो गया है।

सेवानिवृत्त होने वाले विधान परिषद के सदस्यों में संजय किशनराव केणेकर, नीलम दिवाकर गोरहे, उद्धव ठाकरे, संदीप दिवाकर जोशी, दादाराव यादवराव केचे, अमोल रामकृष्ण मिटकरी, रणजीतसिंह विजयसिंह मोहिते-पाटिल, राजेश धोंडीराम राठौड़ और शशिकांत जयवंतराव शिंदे शामिल हैं।

आयोग ने कहा कि चुनाव के लिए अधिसूचना 23 अप्रैल को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल है।

निर्वाचन आयोग ने कहा कि नामांकन पत्रों की जांच दो मई को होगी और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि चार मई तय की गई है।

आयोग के अनुसार यदि आवश्यकता हुई तो 12 मई को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे के बीच मतदान होगा, जिसके बाद उसी दिन शाम पांच बजे मतों की गिनती होगी।

महाराष्ट्र में विधान परिषद के 78 सदस्यों में से कुछ का चुनाव एक निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है, जिसमें विधानसभा के सदस्य शामिल होते हैं। मई में होने वाले नौ उम्मीदवारों का चुनाव विधायकों द्वारा किया जाएगा।

राज्य विधानसभा में 288 सदस्य हैं।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना