कारोबारी से 10 करोड़ रु. की रंगदारी मांगी गयी, कॉल करने वाले ने खुद को ‘बिश्नोई समूह’ से जुड़ा बताया

Ads

कारोबारी से 10 करोड़ रु. की रंगदारी मांगी गयी, कॉल करने वाले ने खुद को 'बिश्नोई समूह' से जुड़ा बताया

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 07:54 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 07:54 PM IST

ठाणे, 22 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में ठाणे के एक प्रमुख बिल्डर से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है और फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को ‘बिश्नोई समूह’ से जुड़ा बताया। पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

नौपाड़ा पुलिस थाने में 60-वर्षीय एक व्यवसायी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उन्हें 11 फरवरी को उस समय व्हाट्सऐप पर कई फोन कॉल किये गये जब वह एक धार्मिक समारोह में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश की यात्रा पर थे और उनसे 10 करोड़ रुपये देने के लिए कहा गया, ऐसा न करने पर उन्हें ‘मरने के लिए तैयार’ रहने को भी कहा गया।

कॉल करने वाले ने खुद को ‘‘बिश्नोई समूह’’ का सदस्य बताया और बिल्डर से यह भी कहा कि वह कॉल रिकॉर्ड करके पुलिस को सौंप सकता है।

अधिकारी ने बताया, ‘‘बीस फरवरी को भी ऐसा ही हुआ। बुजुर्ग बिल्डर अपने कार्यालय में थे, तभी एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से उनके व्हाट्सऐप पर चार बार कॉल करके संपर्क करने का प्रयास किया गया। जब ​​उन्होंने फोन कॉल का जवाब नहीं दिया, तो संदिग्ध ने दोपहर 12:29 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक ऑडियो क्लिप भेजी, जिसमें जान से मारने की धमकियां दी गईं।’’

नौपाड़ा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अभय चंद्रनाथ महाजन ने बताया कि कारोबारी की शिकायत, व्हाट्सऐप कॉल और ऑडियो क्लिप के आधार पर 20 फरवरी को भारतीय न्याय संहिता के तहत जबरन वसूली और अन्य अपराधों के लिए प्राथमिकी दर्ज की गई।

उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

भाषा शोभना सुरेश

सुरेश