फडणवीस ने राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सोच में बदलाव का आह्वान किया

Ads

फडणवीस ने राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सोच में बदलाव का आह्वान किया

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 07:37 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 07:37 PM IST

पुणे, 11 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सोच में बदलाव का आह्वान किया और इसके लिए 2029 से संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की केंद्र की घोषणा का उल्लेख किया।

महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में फडणवीस यहां पुरंदर तालुका के खानवाड़ी में ‘ज्योति सावित्री जिला परिषद स्कूल’ के उद्घाटन और शिलापट्ट अनावरण के अवसर पर बोल रहे थे।

फडणवीस ने कहा कि फुले के विचार आज भी प्रासंगिक हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं विस्तार से बताऊंगा कि उनके विचार आज भी प्रासंगिक क्यों हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2029 से संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा की। जब मंत्री छगन भुजबल ने इसे महात्मा फुले को सच्ची श्रद्धांजलि बताया तो दर्शकों के केवल एक पक्ष (महिलाओं) ने तालियां बजाईं, जबकि दूसरे पक्ष ने ऐसा नहीं किया।’

उन्होंने कहा, ‘‘इससे पता चलता है कि कई क्षेत्रों में समानता हासिल की जा रही है, लेकिन अभी राजनीति में मानसिकता बदलने की जरूरत है। इसके लिए फुले के विचार बेहद जरूरी हैं।’’

संसद का बजट सत्र बढ़ा दिया गया है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण अधिनियम) में संशोधन पारित करने के लिए 16 से 18 अप्रैल के बीच सदन का तीन-दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया है। इससे लोकसभा में सीट की संख्या बढ़कर 816 हो जाएगी, जिनमें से 273 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश