फडणवीस ने भारत की पहली ‘पॉड टैक्सी’ परियोजना का शिलान्यास किया

Ads

फडणवीस ने भारत की पहली ‘पॉड टैक्सी’ परियोजना का शिलान्यास किया

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 05:18 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 05:18 PM IST

मुंबई, सात अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को भारत की पहली ‘पॉड टैक्सी’ परियोजना का शिलान्यास किया। यह एक स्वचालित तीव्र पारगमन प्रणाली है, जिसे मुंबई में कुर्ला और बीकेसी के बीच विकसित किया जा रहा है, ताकि दैनिक यात्रियों को अंतिम-छोर तक पहुँच मिल सके।

चेम्बूर स्थित डायमंड गार्डन मेट्रो स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्रियों- एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने भी शिरकत की।

मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) वित्तीय राजधानी के सबसे बड़े व्यापारिक केंद्र तक अंतिम छोर का संपर्क प्रदान करने के लिए कुर्ला और बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के बीच ‘पॉड टैक्सी’ परियोजना को क्रियान्वित कर रहा है।

एमएमआरडीए के अधिकारियों ने बताया कि 8.85 किलोमीटर लंबी स्वचालित तीव्र पारगमन प्रणाली (एआरटीएस) के चरणों में विकसित होने पर ‘अंतिम छोर तक संपर्क’ को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

परियोजना मार्ग में 22 वातानुकूलित स्टेशन होंगे, जो लगभग 200 मीटर के अंतराल पर स्थित होंगे। इसके पहले चरण में बांद्रा (पूर्वी) और कुर्ला के बीच 3.36 किलोमीटर का हिस्सा शामिल होगा।

यह प्रणाली एलबीएस मार्ग, कलानगर और बीकेसी जैसे प्रमुख स्थानों को जोड़ेगी, तथा बांद्रा और कुर्ला उपनगरीय रेलवे स्टेशनों को आपस में मिलाएगी।

‘पॉड टैक्सी’ में कोई चालक नहीं होगा और एआई-आधारित यह सेवा एक खास समर्पित मार्ग पर चलेगी तथा बैटरी ऊर्जा से संचालित होगी। हर पॉड में अधिकतम छह यात्री बैठ सकेंगे और यह 40 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ़्तार से हर 15 सेकंड के अंतराल पर चलेगी। ये ‘पॉड’ सिर्फ़ उन स्टेशनों पर रुकेंगे, जिन्हें यात्रियों ने चुना होगा, जिससे सफ़र और भी तेज़ एवं अधिक सुगम बन जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि ‘पॉड टैक्सी’ प्रणाली से यातायात जाम कम होने, यात्रा का समय घटने और पर्यावरण-अनुकूल आवागमन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है; साथ ही, 2031 तक इसके ज़रिए रोज़ाना 1.09 लाख से अधिक यात्रियों के सफ़र करने का अनुमान है।

भाषा नेत्रपाल दिलीप

दिलीप

शीर्ष 5 समाचार