ठाणे के एक कॉलेज में आग लगी, सभागार जलकर खाक
ठाणे के एक कॉलेज में आग लगी, सभागार जलकर खाक
ठाणे, 15 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बुधवार सुबह एक निजी कॉलेज में भीषण आग लग गई जिससे छठी मंजिल पर स्थित सभागार और बैटरी बैकअप कक्ष पूरी तरह जलकर खाक हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
स्थानीय नगर निकाय के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रकाश बोराडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मीरा-भायंदर क्षेत्र में स्थित इस शिक्षण संस्थान में सुबह करीब छह बजे आग लगने की घटना हुई, लेकिन इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
उन्होंने कहा, ‘‘आग शिक्षण संस्थान के सभागार में लगी और बैटरी बैकअप कक्ष तक फैल गई। दोनों कक्ष आग में पूरी तरह नष्ट हो गए।’’
बोराडे ने बताया कि आठ दमकल गाड़ियों और पानी के चार टैंकरों से आग बुझाने के प्रयास किए गए तथा करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग को इमारत के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया जिससे संस्थान के कंप्यूटर कक्ष और आसपास के दो कमरे क्षतिग्रस्त होने से बच गए।
अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है लेकिन इसके सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना

Facebook


