मुंबई में भूमिगत टी 2 मेट्रो स्टेशन पर आग लगी, कुछ देर के लिए सेवाएं रहीं बाधित

Ads

मुंबई में भूमिगत टी 2 मेट्रो स्टेशन पर आग लगी, कुछ देर के लिए सेवाएं रहीं बाधित

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 07:18 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 07:18 PM IST

मुंबई, छह मई (भाषा) मुंबई के अंधेरी (पूर्व) में भूमिगत टी 2 एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन पर बुधवार को आग लग गई, जिसके बाद अधिकारियों ने इस परिसर से यात्रियों को बाहर निकाला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना अपराह्न चार बजकर 10 मिनट पर हुई लेकिन इसमें कोई घायल नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि आरे जेवीएलआर और कफ परेड के बीच मेट्रो एक्वा लाइन 3 के भूमिगत कॉरिडोर में मेट्रो रेल सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित हुईं।

एक नगर निगम अधिकारी ने बताया कि मेट्रो स्टेशन के तकनीकी कक्ष में आग लग गई।

उन्होंने कहा कि इस घटना की सूचना अपराह्न चार बजकर 13 मिनट पर मुंबई अग्निशमन विभाग को दी गई, जिसके बाद आपातकालीन टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया।

एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि दमकल की तीन गाड़ियां और दो वृहद टैंकर घटनास्थल पर पहुंचे तथा अपराह्न साढ़े चार बजे तक आग बुझा ली गयी।

उन्होंने कहा कि चूंकि भूमिगत स्टेशन परिसर में धुआं भर गया था, इसलिए आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मियों को सांस लेने वाले उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा।

अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि आग लगने की वजह का पता अभी तक नहीं चल पाया है।

हालांकि, मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमएमआरसीएल) ने इसे ‘धुएं की एक छोटी-सी घटना’ बताया। एमएमआरसीएल ही इस सेवा का संचालन करती है।

एक बयान में उसने कहा, ‘‘आज छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (सीएसएमआईए) टी 2 स्टेशन पर धुएं की एक छोटी-सी घटना सामने आयी, जिसे मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत संभाल लिया।’’

उसने कहा कि एहतियात के तौर पर, स्टेशन को कुछ समय के लिए खाली करा लिया गया था और इस दौरान सीएसएमआईए-टी2 स्टेशन पर ट्रेनें नहीं रुकीं।

एमएमआरसीएल ने कहा, ‘‘सहार रोड और आरे स्टेशनों के बीच सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित हुई थीं। हालांकि, अब परिचालन सामान्य हो गया है।’’

एमएमआरसीएल के अनुसार, सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया और स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रण में कर लिया गया।

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश