ठाणे, 21 जून (भाषा) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रविवार को ठाणे केंद्रीय जेल के अंदर एक विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्यक्रम ठाणे स्थित योग संस्थान ‘घंटाली मित्र मंडल’ के सहयोग से आयोजित किया गया।
जेल अधीक्षक रानी भोसले ने कहा कि कैदियों को सकारात्मक गतिविधियों में व्यस्त रखने के उद्देश्य से जेल में नियमित रूप से योग कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है।
अधिकारियों ने बताया कि ठाणे जेल में करीब चार दशक पहले ‘जेल बंदियों के लिए योग’ परियोजना शुरू की गई थी, और बाद में देश की विभिन्न जेलों ने भी इस सुधारात्मक मॉडल को अपनाया।
ठाणे जिले का मुख्य सरकारी योग दिवस कार्यक्रम शहर के कोपरी स्थित तालुका खेल परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, खिलाड़ियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
पड़ोसी नवी मुंबई में योग दिवस के अवसर पर वाशी स्थित सिडको प्रदर्शनी केंद्र में पांच हजार से अधिक नागरिक एकत्र हुए और सामूहिक योगाभ्यास किया।
इस बीच, भारत के सबसे बड़े कंटेनर बंदरगाह जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण (जेएनपीए) परिसर में भी योग दिवस मनाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में बंदरगाह के कर्मचारियों और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों ने भाग लिया।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल