ठाणे, 21 जून (भाषा) महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने मीरा-भयंदर में एक क्लब में आयोजित होने वाली पूल पार्टी का विरोध करते हुए इसे शहर में जारी गंभीर जल संकट के बीच ‘असंवेदनशील’ कार्यक्रम बताया है।
सरनाईक ने शनिवार को भायंदर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शिवसैनिकों से 27 जून को प्रस्तावित इस कार्यक्रम के खिलाफ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। पूल पार्टी का यह कार्यक्रम सेवन इलेवन क्लब में आयोजित किया जाना है, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक नरेंद्र मेहता से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे समय में जब आम नागरिक जल संकट की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं, हजारों लीटर पानी का उपयोग करने वाले कार्यक्रम आयोजित करना जनभावनाओं के खिलाफ है।’’
परिवहन मंत्री ने नगर निकाय, पुलिस और जिला प्रशासन से भी तत्काल हस्तक्षेप कर पानी की बर्बादी रोकने की अपील की।
सरनाईक ने कहा कि सूर्या जल परियोजना में आई बाधा के कारण कई इलाकों में लगातार दो दिनों तक पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी।
पूल पार्टी के आयोजकों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन
रंजन