पिंपरी-चिंचवड में फर्नीचर मॉल पर गोलीबारी, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का संबंध खंगाल रही पुलिस

Ads

पिंपरी-चिंचवड में फर्नीचर मॉल पर गोलीबारी, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का संबंध खंगाल रही पुलिस

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 11:01 AM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 11:01 AM IST

पुणे, 16 मई (भाषा) महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड में दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने एक फर्नीचर मॉल पर गोलीबारी की और इस घटना की जिम्मेदारी लेने संबंधी एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस इस घटना से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के संभावित संबंध की जांच में जुट गई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब नौ बजे रावेत इलाके में स्थित ‘एजे फर्नीचर मॉल’ पर कई गोलियां चलाई गईं, जिससे प्रतिष्ठान का शीशे से बना अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस के मुताबिक मॉल के मालिक को गोलीबारी की घटना से कुछ दिन पहले एक धमकी भरा फोन कॉल आया था, लेकिन उन्होंने उक्त नंबर ब्लॉक कर दिया था।

गोलीबारी के बाद मालिक को एक सोशल मीडिया पोस्ट का ‘स्क्रीनशॉट’ कथित तौर पर भेजा गया, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह द्वारा इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया।

पिंपरी चिंचवड पुलिस के अपराध शाखा के उपायुक्त शिवाजी पवार ने कहा, ‘‘हम उस स्क्रीनशॉट की जांच कर रहे हैं, जो आरजू बिश्नोई और शुभम लोणकर की सोशल मीडिया पोस्ट प्रतीत होती है, जिसमें हमले की जिम्मेदारी ली गई है। भारतीय न्याय संहिता व शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रही है जिसमें दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार फर्नीचर मॉल के बाहर रुककर गोलीबारी करते दिख रहे हैं।

भाषा खारी अमित

अमित