वाशिंगटन, 12 जुलाई (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगियों में शामिल रिपब्लिकन पार्टी के सीनेटर लिंडसे ग्राहम का एक ‘‘संक्षिप्त और अचानक हुई बीमारी’’ के बाद निधन हो गया। उनके कार्यालय ने यह जानकारी दी। वह 71 वर्ष के थे।
लिंडसे ग्राहम को अमेरिकी विदेश नीति की प्रभावशाली आवाज माना जाता था।
दक्षिण कैरोलाइना का दो दशक से अधिक समय तक सीनेट में प्रतिनिधित्व करने वाले ग्राहम रूस के साथ युद्ध में यूक्रेन के सबसे मुखर समर्थकों में शामिल थे और मॉस्को पर कड़े प्रतिबंध लगाने के प्रमुख पैरोकार थे।
वर्ष 2016 के राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी के प्राथमिक चुनाव के दौरान डोनाल्ड ट्रंप के साथ तीखी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद, बाद में वह उनके सबसे करीबी राजनीतिक सहयोगियों में शामिल हो गए।
ग्राहम ने यूक्रेन युद्ध के दौरान भारत के रूस से तेल खरीदने की भी मुखर आलोचना की थी।
इस वर्ष की शुरुआत में ग्राहम ने भारत पर अमेरिकी शुल्क (टैरिफ) का हवाला देते हुए इसे ‘‘इस बात का अच्छा उदाहरण’’ बताया था कि परिस्थितियां कैसे बदल सकती हैं। उन्होंने दावा किया था कि नयी दिल्ली ने रूस से तेल की खरीद में उल्लेखनीय कमी की है।
उन्होंने कहा था, ‘‘रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर शांति वार्ता की मेज पर आने और यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमले रोकने के लिए जो दबाव डाला जा रहा है, वह स्पष्ट रूप से काम नहीं कर रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप का पुतिन की युद्ध मशीन को समर्थन देने वाले देशों को निशाना बनाने का विचार अमेरिका और यूरोप को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाना चाहिए।’’
ग्राहम के कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में उनके निधन की घोषणा की।
बयान में कहा गया, ‘‘शनिवार, 11 जुलाई की शाम अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम का एक संक्षिप्त और अचानक हुई बीमारी के कारण निधन हो गया। सीनेटर ग्राहम का परिवार इस कठिन समय में सभी से प्रार्थनाओं की अपेक्षा करता है और निजता बनाए रखने का अनुरोध करता है।’’
बाद में राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सीनेटर लिंडसे ग्राहम, जिन्हें मैं सबसे महान व्यक्तियों और सीनेटरों में से एक मानता हूं, अब हमारे बीच नहीं रहे। वह हमेशा काम में लगे रहते थे और सच्चे अमेरिकी देशभक्त थे। उनकी बहुत कमी महसूस होगी। अंतिम संस्कार और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी बाद में दी जाएगी। यह बेहद दुखद है।’’
एनबीसी न्यूज के अनुसार, ग्राहम हाल ही में यूक्रेन की यात्रा से लौटे थे और रविवार को उसके कार्यक्रम ‘मीट द प्रेस’ में शामिल होने वाले थे, जिससे उनके निधन की अचानक हुई घटना का पता चलता है।
दक्षिण कैरोलाइना में जन्मे ग्राहम पहली बार 1994 में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए निर्वाचित हुए थे। इसके बाद वर्ष 2002 में वह सीनेट के लिए चुने गए और जनवरी 2003 में सीनेटर के रूप में पदभार संभाला। वह इस वर्ष एक और कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ रहे थे।
पेशे से वकील ग्राहम अमेरिकी वायुसेना और वायुसेना रिजर्व में भी सेवा दे चुके थे तथा कर्नल के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश