नवी मुंबई में चार लोग मकोका के तहत गिरफ्तार
नवी मुंबई में चार लोग मकोका के तहत गिरफ्तार
ठाणे, 26 मई (भाषा) पुलिस ने नवी मुंबई में चेन झपटमारी के तीन मामलों में एक सुनार सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ सख्त महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के प्रावधान लागू किए गए हैं।
अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
राबाले पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत 24 मार्च को ये तीन घटनाएं हुई थीं
पुलिस ने बताया कि ऐरोली में दो मोटरसाइकिल सवार लोगों ने कथित तौर पर एक महिला को चाकू दिखाकर उसकी सोने की चेन छीन ली। आरोपियों ने कथित तौर पर तलवली और ऐरोली गाँव में भी दो महिलाओं से उनकी सोने की चेन लूट लीं।
पुलिस ने बाद में इस संबंध में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कीं।
पुलिस ने एक विज्ञप्ति में कहा कि जांच के दौरान पुलिस ने आयुष अर्जुन देतके, अर्जुन बाबू चव्हाण, अपर्णा संदीप आवले और सुनार तख्तसिंह प्रेमसिंह राठौड़ को गिरफ्तार किया और उनके पास से 1.05 लाख रुपये कीमत की चोरी की सोने की चेन बरामद की।
अन्य तीन आरोपियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों में से एक आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ नवी मुंबई और मुंबई में 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि इस गैंग ने कथित तौर पर 18.83 लाख रुपये का कीमती सामान चुराया था जिनमें से अब तक 9.43 लाख रुपये का सामान बरामद किया जा चुका है।
पुलिस ने विज्ञप्ति में बताया कि अपराधों की संगठित प्रकृति और आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किए गए और अन्य वांछित लोगों के खिलाफ मकोका के प्रावधान लागू किए हैं।
भाषा नरेश
नरेश

Facebook


