उद्धव ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार को गुजरात ले जाने के फैसले की आलोचना की, राउत ने किया बहिष्कार का आह्वान
उद्धव ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार को गुजरात ले जाने के फैसले की आलोचना की, राउत ने किया बहिष्कार का आह्वान
मुंबई, आठ सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को दिल्ली से गुजरात के केवड़िया स्थानांतरित करने के फैसले की आलोचना करते हुए शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार गुजरात और देश के बाकी हिस्सों के बीच ‘‘दीवार खड़ी’’ करने की कोशिश कर रही है। पार्टी सांसद संजय राउत ने कलाकारों से समारोह का बहिष्कार करने का आह्वान किया।
ठाकरे ने एक संवाददाता सम्मेलन में पूछा कि ऐसे राष्ट्रीय कार्यक्रम मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और अन्य राज्यों की राजधानियों में क्यों नहीं आयोजित किए जा सकते। उन्होंने भाजपा से इस फैसले के पीछे का कारण बताने को कहा।
राउत ने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केवल गुजरात के हैं।
राउत ने कहा, “मैं यह नहीं कहूंगा कि आप यह कार्यक्रम महाराष्ट्र, लखनऊ या कोलकाता में आयोजित करें। यह एक राष्ट्रीय कार्यक्रम है, इसलिए लोगों को उम्मीद होगी कि यह राष्ट्रीय राजधानी में हो। क्या यह ‘वाइब्रेंट गुजरात’ जैसा कोई कार्यक्रम है? जिन लोगों के दिमाग की यह उपज थी, वे ‘दिमागी नक्सली’ हैं।”
उन्होंने दावा किया कि गुजरात में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आयोजन स्थल बदला गया है और इससे राष्ट्रीय राजधानी तथा राष्ट्रीय पुरस्कार के महत्व को कम किया जा रहा है।
राउत ने कहा, “कलाकारों को गुजरात नहीं जाना चाहिए। अपने देश पर गर्व करने वाला कोई भी कलाकार पुरस्कार लेने से इनकार कर देगा।”
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह इस बार दिल्ली से बाहर गुजरात के केवड़िया में आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों ने सोमवार को बताया था कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 सितंबर को समारोह में पुरस्कार प्रदान करेंगी।
भाषा
राखी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


