ठाणे में दो गुटों के बीच झड़प में चार लोग हुए घायल, पुलिस ने जांच शुरू की

Ads

ठाणे में दो गुटों के बीच झड़प में चार लोग हुए घायल, पुलिस ने जांच शुरू की

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 02:00 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 02:00 PM IST

ठाणे, 10 मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे में निर्माण गतिविधियों को लेकर विवाद के बाद दो प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच झड़प हो जाने से चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार की दरमियानी रात कालवा क्षेत्र के जयभीम नगर में हुई।

कलवा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि दो प्रतिद्वंद्वी गुटों के करीब 20 लोगों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके और लोहे की छड़ों से हमला किया। अधिकारी के अनुसार, ऐसा करने वालों में दोनों तरफ से महिलाएं भी शामिल थीं।

उन्होंने कहा कि हिंसक झड़प के दौरान एक व्यक्ति के घर में तोड़फोड़ की गई और पत्थर फेंके गए।

उन्होंने कहा कि घर के सामने खड़ी एक कार को भी नुकसान पहुंचाया गया एवं उसमें रखे दस्तावेज नष्ट कर दिए गए।

पुलिस ने बताया कि इलाके में किन्हीं निर्माण गतिविधियों को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद झड़प हुई।

अधिकारी ने बताया कि इस घटना में दोनों पक्षों से दो-दो लोग घायल हो गए, जिनका स्थानीय अस्पताल में इलाज किया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों पर शनिवार को 20 लोगों के खिलाफ दंगा, मारपीट और आपराधिक धमकी के आरोप में दो प्राथमिकी दर्ज की गईं।

पुलिस ने बताया कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और घटना की जांच चल रही है।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश