नवी मुंबई में रिश्वत लेने के आरोप में जीएसटी अधिकारी और सहायक गिरफ्तार

Ads

नवी मुंबई में रिश्वत लेने के आरोप में जीएसटी अधिकारी और सहायक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 05:20 PM IST

ठाणे, सात अप्रैल (भाषा) नवी मुंबई भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी) ने एक सॉफ्टवेयर डेवलपर से कथित तौर पर 9,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिकारी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक शिकायत के आधार पर, कोंकण भवन में तैनात द्वितीय श्रेणी अधिकारी अमित भानुदास गिरि (45) और उनके सहयोगी वैशाली वसंत कदम (39) को सोमवार को रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए पकड़ा गया।

नवी मुंबई के पुलिस उपाधीक्षक (एसीबी) धर्मराज सोनके ने कहा, ‘शिकायतकर्ता को डिजिटल हस्ताक्षर वाले पीटीईसी (पेशेवर कर नामांकन प्रमाण पत्र) और पीटीआरसी (पेशेवर कर पंजीकरण प्रमाण पत्र) के संबंध में कारण बताओ नोटिस प्राप्त हुए थे।’

सोनके ने बताया कि जब उन्होंने मामले को सुलझाने के लिए जीएसटी कार्यालय में आरोपी अधिकारी से मुलाकात की, तो उसने कथित तौर पर नोटिसों को निपटारे के लिए 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी।

उन्होंने बताया कि गिरी को शिकायतकर्ता से 9,000 रुपये लेते हुए उनके कक्ष में रंगे हाथों पकड़ा गया और साजिश में शामिल उनके सहयोगी को भी हिरासत में लिया गया।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश

शीर्ष 5 समाचार