गुरु तेग बहादुर की शहादत: सामूहिक गायन कार्यक्रम में 51 लाख से अधिक छात्रों ने भाग लिया
गुरु तेग बहादुर की शहादत: सामूहिक गायन कार्यक्रम में 51 लाख से अधिक छात्रों ने भाग लिया
ठाणे, 23 फरवरी (भाषा) गुरु तेग बहादुर के 350वें शहादत दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों के तहत सोमवार को महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के 51 लाख से अधिक छात्रों ने सामूहिक गायन कार्यक्रम में भाग लिया। ठाणे जिले के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एक विज्ञप्ति में, जिला सूचना कार्यालय ने कहा कि 20,000 सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों के 1.5 लाख शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी सामूहिक गायन कार्यक्रम में भाग लिया। यह भी बताया कि इसे ‘बेस्ट ऑफ इंडिया रिकॉर्ड्स’ द्वारा ‘विश्व रिकॉर्ड’ घोषित किया गया।
सर जॉन बाप्टिस्ट हायर सेकेंडरी स्कूल में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भाग लेने वाले ठाणे के जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल ने कहा, ‘धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए गुरु तेग बहादुर का बलिदान समस्त मानव जाति के लिए प्रेरणादायक है। इस प्रकार की गतिविधियां यह सुनिश्चित करती हैं कि महान ऐतिहासिक शख्सियतों का वीरता और मूल्यों पर आधारित जीवन नयी पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।’
अतिरिक्त जिलाधिकारी हरिश्चंद्र पाटिल और शिक्षा अधिकारी देवीदास महाजन समेत अन्य अधिकारी इस दौरान मौजूद थे।
नवी मुंबई के खारघर स्थित ओवे मैदान में 28 फरवरी और एक मार्च को आयोजित होने वाले दो दिवसीय कार्यक्रम से पहले यह पहल की गई।
भाषा आशीष वैभव
वैभव

Facebook


