महाराष्ट्र में अस्वच्छ भोजन की सर्वाधिक शिकायतें पुणे से आईं: एफडीए

Ads

महाराष्ट्र में अस्वच्छ भोजन की सर्वाधिक शिकायतें पुणे से आईं: एफडीए

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 09:33 AM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 09:33 AM IST

पुणे, 19 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) द्वारा खाद्य पदार्थों से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए पोर्टल शुरू किए जाने के बाद से पुणे जिले से अस्वच्छ भोजन की सबसे अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने शनिवार को यह जानकारी दी।

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी मुंढे शनिवार को ‘मराठा चैंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्रीज एंड एग्रीकल्चर’ द्वारा आयोजित खाद्य सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेने के लिए पुणे पहुंचे थे।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि लोगों को खाद्य पदार्थों से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराने की सुविधा देने के लिए एफडीए ने हाल ही में एक पोर्टल शुरू किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘पोर्टल शुरू होने के बाद हजारों शिकायतें प्राप्त हुईं और 24 घंटे के भीतर इस पर 10 लाख बार पहुंच दर्ज की गयी।’’

राज्य में विभिन्न जिलों से प्राप्त शिकायतों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘सबसे अधिक शिकायतें पुणे जिले से मिली हैं और इनमें अधिकांश अस्वच्छ भोजन से संबंधित हैं।’’

मुंढे ने कहा कि नयी व्यवस्था से जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर संबंधित क्षेत्र के एफडीए के संयुक्त आयुक्त उसका संज्ञान लेंगे और उसे किसी अधिकारी को सौंपेंगे। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो शिकायत स्वतः विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के पास भेज दी जाएगी।

मुंढे ने होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों से खाद्य सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली का पालन करने तथा भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा निर्धारित सभी 22 प्रमुख नियमों का अनुपालन करने की अपील की।

भाषा गोला रंजन

रंजन