पुणे, 29 मार्च (भाषा) पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने ‘मंदारिन संतरे की थैली’ (संतरे का गूदा) लेबल वाले पेटियों से 26.8 करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह जब्ती 26 मार्च को थाईलैंड के बैंकॉक से आई एक खेप के बाद की गई। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
सीमा शुल्क विभाग द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, चीनी मूल के खाद्य पदार्थों की एक आयातित खेप हवाई मालवाहक विभाग को प्राप्त हुई।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि सामान को ‘मंदारिन संतरे के थैले’ के रूप में घोषित किया गया था और इसे सफेद थर्मोकोल की पेटी में पैक किया गया था।
शुरुआत में सामान की स्कैन की गई तस्वीरों से यह संकेत नहीं मिला कि यह जैविक है, जिसके कारण सीमा शुल्क अधिकारियों ने एक डिब्बा खोला। उन्हें उसके अंदर सीलबंद टिन के डिब्बे मिले।
विज्ञप्ति के अनुसार, “उन टिन के डिब्बों के अंदर, अधिकारियों को नमक जैसा सफेद, दानेदार पाउडर मिला। पाउडर निकालने पर उन्हें सीलंबद पारदर्शी प्लास्टिक पैक मिला जिसमें हाइड्रोपोनिक गांजा था।”
इसके बाद पूरी खेप खोली गई, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 26.8 करोड़ रुपये मूल्य का 76.58 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ।
भाषा
राखी संतोष
संतोष