मुंबई, 18 जुलाई (भाषा) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) में विद्रोह की अटकलों के बीच, उसके सांसदों की नयी दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक से पहले पार्टी नेता अरविंद सावंत ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘व्हिप’ का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिवसेना (उबाठा) के नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा कि बागियों को ‘‘सबक सिखाने की जरूरत है।’’
सूत्रों के अनुसार, संकट गहराने के बीच शिवसेना (उबाठा) के बागी नेताओं के एक समूह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से बुधवार को अनौपचारिक मुलाकात की और निचले सदन में पार्टी के नौ में से छह सांसदों के समर्थन का दावा किया।
पार्टी नेतृत्व ने तीन लाइन का ‘व्हिप’ जारी किया और बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में संसदीय दल की आपात बैठक बुलाई। सांसदों के लिए बैठक में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है।
राउत ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जरूरत के कारण व्हिप जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि व्हिप सभी सांसदों तक पहुंच गया है। इसे उनके घरों पर भेजा गया है, ईमेल किया गया है और व्हाट्सएप पर भी भेजा गया है।
सावंत ने कहा, ‘‘व्हिप का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पार्टी प्रमुख (उद्धव ठाकरे) से विचार-विमर्श के बाद कार्रवाई की जाएगी।’’
राउत ने कहा कि ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने उन्हें फोन किया। इस दौरान चर्चा हुई कि विश्वासघात करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए और पार्टी छोड़ने वाले सांसदों के निर्वाचन क्षेत्रों में ‘राड़ा’ (हंगामा) किया जाना चाहिए।
शिवसेना (उबाठा) नेता ने कहा कि पवार ने उनसे कहा कि वह ऐसे सांसदों के निर्वाचन क्षेत्रों में जाकर रैलियों को संबोधित करेंगे।
राज्यसभा सदस्य ने कहा कि इन सांसदों को सबक सिखाने की जरूरत है।
सावंत ने कहा कि शिवसेना के दिवंगत संस्थापक बाल ठाकरे ने पाला बदलने वाले सांसदों और विधायकों की पिटाई करने तक का सुझाव दिया था।
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा