मुझे किसी नये कलाकार जैसा महसूस हुआ : मेघना गुलजार के साथ काम करने पर करीना

मुझे किसी नये कलाकार जैसा महसूस हुआ : मेघना गुलजार के साथ काम करने पर करीना

मुझे किसी नये कलाकार जैसा महसूस हुआ : मेघना गुलजार के साथ काम करने पर करीना
Modified Date: September 11, 2026 / 10:21 pm IST
Published Date: September 11, 2026 10:21 pm IST

मुंबई, 11 सितंबर (भाषा) अभिनेत्री करीना कपूर खान ने शुक्रवार को कहा कि निर्माता-निर्देशक मेघना गुलजार का अपनी आगामी फिल्म ‘दायरा’ के सेट पर नियंत्रण और निर्देशन का तरीका ऐसा था कि 26 साल से फिल्म उद्योग का हिस्सा होने के बावजूद उन्हें एक नवोदित कलाकार जैसा महसूस हुआ।

‘दायरा’ में करीना अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगी। यह फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

करीना ने मेघना को “कठोर अनुशासन पसंद करने वाला फिल्मकार” बताया। हालांकि, अभिनेत्री ने कहा कि सेट पर गर्मजोशी और विनम्रता के साथ अनुशासन बनाए रखने की मेघना की क्षमता ने उन्हें शूटिंग के दौरान जिम्मेदारी के भाव के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।

करीना ने फिल्म के प्रचार कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “मेघना जानती हैं कि सभी को कैसे अनुशासन में रखना है। वह सभी से प्यार से पेश आती हैं और बेहद विनम्र भी हैं, लेकिन सेट पर उनका पूरा नियंत्रण रहता है। अपने 26 साल के करियर में मैंने कई निर्देशकों के साथ काम किया है, लेकिन मेघना के साथ मुझे हमेशा लगता था कि मुझे हर समय अपने काम को लेकर सजग रहना है।”

उन्होंने कहा, “मैं सेट पर आधा घंटा पहले पहुंच जाती थी, क्योंकि मैं नहीं चाहती थी कि मेघना किसी बात को लेकर नाराज हों। 26 साल बाद भी मुझे ऐसा महसूस हुआ कि मैं एक नवोदित कलाकार हूं। यही चीज हमें कलाकार के तौर पर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित करती है।”

भाषा पारुल माधव

माधव


लेखक के बारे में