इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के लिए दर्शकों के उत्साह पर शो बढ़ाये गये

Ads

इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के लिए दर्शकों के उत्साह पर शो बढ़ाये गये

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 09:36 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 09:36 PM IST

मुंबई, 20 जून (भाषा) ‘पीवीआर इनॉक्स’ और ‘सिनेपोलिस इंडिया’ जैसी सिनेमाघरों की श्रृंखला एवं सिनेमाघर मालिकों ने दर्शकों के जबर्दस्त उत्साह के बाद फिल्मकार इम्तियाज अली की नई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के दूसरे हफ्ते में थिएटरों में शो बढ़ा दिए हैं।

विभाजन के दौर पर आधारित यह रोमांटिक फिल्म दो अलग-अलग समय और पीढ़ियों की कहानी पर आधारित है। यह फिल्म 12 जून को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई। इसमें दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना मुख्य भूमिकाओं में हैं।

फिल्मकारों के अनुसार इस सप्ताहांत कई नई फिल्में रिलीज़ होने के बावजूद, बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए इस फिल्म के और शो दिखाए जा रहे हैं।

फिल्म के वितरकों और सिनेमाघर मालिकों ने बताया कि पिछले हफ्ते फिल्म के प्रति काफ़ी उत्साह नजर आया।

‘पीवीआर इनॉक्स लिमिटेड’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (राजस्व एवं संचालन) गौतम दत्ता ने कहा कि फिल्म का प्रदर्शन दर्शकों की लगातार बनी हुई दिलचस्पी को दिखाता है।

दत्ता ने कहा, ‘‘हम ‘मैं वापस आऊंगा’ के मामले में सिर्फ़ बॉक्स ऑफ़िस पर कुल संग्रहण पर ही नहीं, बल्कि इसकी प्रदर्शन के पैटर्न पर भी बारीकी से नज़र रख रहे हैं। हफ़्ते भर फिल्म की कमाई लगातार बढ़ी है। सिनेमामालिक (सिनेमा हॉल चलाने वाले) ठीक ऐसी ही प्रवृति देखना पसंद करते हैं, क्योंकि यह शुरुआती दिनों में ही ज़्यादा कमाई होने के बजाय दर्शकों की असली और लंबे समय तक बनी रहने वाली दिलचस्पी को दिखाता है।’’

‘मल्टीप्लेक्स चेन सिनेपोलिस इंडिया’ के प्रबंध निदेशक देवांग संपत ने कहा कि फिल्म को दर्शकों के अच्छे उत्साह का फायदा मिला है।

संपत ने कहा,‘‘यह एक बेहतरीन फिल्म है, जिसकी काफी चर्चा हो रही है और बॉक्स ऑफिस पर इसने शानदार वापसी की है। देश भर में 497 स्क्रीन चलाने वाली सिनेपोलिस इंडिया ने देश भर में बढ़ती मांग और तेजी से बेहतर होती ऑक्यूपेंसी के कारण शुक्रवार से शनिवार तक शो की संख्या में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।’’

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश