निवेश घोटाला: ठाणे अदालत परिसर में तीन आरोपियों के घेराव की कोशिश
निवेश घोटाला: ठाणे अदालत परिसर में तीन आरोपियों के घेराव की कोशिश
ठाणे, नौ फरवरी (भाषा) ठाणे जिला अदालत में पेशी के लिए सोमवार को लाए गए ‘निवेश घोटाले’ के तीन आरोपियों का परिसर में मौजूद आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने घेराव करने की कोशिश की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी करीब 1200 करोड़ रुपये का घोटाला करने वाली कंपनी के निदेशक हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा कर रही है और शुरुआती आंकलन के मुताबिक भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर पूरे महाराष्ट्र में करीब 11,000 निवेशकों से धोखाधड़ी की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही खबर फैली कि कंपनी के संस्थापक निदेशकों, समीर नार्वेकर, अमित बालम और नेहा नार्वेकर को अदालत में पेश किया जा रहा है, सैकड़ों लोग पहले पुलिस आयुक्त के कार्यालय के सामने और उसके बाद अदालत परिसर में एकत्रित हो गए।
उन्होंने बताया कि आक्रोशित लोगों ने पुलिस वैन और तीनों आरोपियों का घेराव करने की कोशिश की।
इस बीच, जिला न्यायाधीश जीटी पवार ने तीनों आरोपियों की पुलिस हिरासत 12 फरवरी तक बढ़ा दी।
तीनों को इस साल जनवरी में गिरफ्तार किया गया था।
भाषा तान्या धीरज
धीरज

Facebook


