केतन अग्रवाल हत्या मामला: पुलिस आरोपी चौधरी की चाल-ढाल की जांच करेगी

केतन अग्रवाल हत्या मामला: पुलिस आरोपी चौधरी की चाल-ढाल की जांच करेगी

केतन अग्रवाल हत्या मामला: पुलिस आरोपी चौधरी की चाल-ढाल की जांच करेगी
Modified Date: June 30, 2026 / 12:54 am IST
Published Date: June 30, 2026 12:54 am IST

पुणे, 29 जून (भाषा) पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले की जांच कर रही पुलिस मुख्य आरोपी चेतन चौधरी का ‘गेट एनालिसिस’ (चाल-ढाल का विश्लेषण) कराएगी। यह जानकारी सोमवार को अदालत को दी गई।

साथ ही, लोहागढ़ किले पर उसकी गतिविधियों से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की ‘पुनर्निर्मित’ वीडियो से तुलना भी की जाएगी।

पुलिस ने चेतन चौधरी और उसकी प्रेमिका एवं केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल की पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि किले पर वारदात की सटीक जगह और मृतक के गायब पासपोर्ट समेत कई पहलुओं की जांच अभी बाकी है। अदालत ने दोनों की पुलिस हिरासत तीन जुलाई तक बढ़ा दी।

सिया गोयल (20) और चेतन चौधरी (22) को 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले से केतन अग्रवाल (25) को कथित तौर पर धक्का देकर हत्या करने की साजिश रचने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ‘गेट एनालिसिस’ किसी व्यक्ति के चलने के तरीके का वैज्ञानिक विश्लेषण है। इसमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कदमों की लंबाई, शरीर की मुद्रा और हाथ-पैरों की गतिविधियों जैसी विशेषताओं की तुलना कर संदिग्ध की पहचान की जाती है।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान लोहागढ़ किले पर चेतन की गतिविधियों की सीसीटीवी फुटेज की पुनर्निर्मित वीडियो से तुलना की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि यह विश्लेषण इसलिए आवश्यक है क्योंकि वारदात वाले दिन 18 जून को पहचान छिपाने के लिए चेतन ने अपने चेहरे को हुडी से ढक रखा था।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में