पालघर, 16 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक कारखाने में बृहस्पतिवार को बॉयलर फटने से एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना दिन में 10 बजकर 45 मिनट पर तारापुर, महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) क्षेत्र में स्थित नंदोसल इंडस्ट्रीज में हुई।
पालघर जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने कहा, ‘‘बॉयलर विस्फोट और उसके बाद लगी आग में कंपनी का एक कर्मचारी लगभग 60 प्रतिशत झुलस गया।’’
उन्होंने बताया कि घायल मजदूर की पहचान हरिश्चंद्र आंबेडकर के रूप में हुई है और उसे बोइसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया। कदम ने कहा कि विस्फोट का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
भाषा आशीष नरेश
नरेश