लोकमान्य तिलक पुरस्कार को राजनीति में नहीं घसीटा जाना चाहिए : रोहित तिलक

Ads

लोकमान्य तिलक पुरस्कार को राजनीति में नहीं घसीटा जाना चाहिए : रोहित तिलक

  •  
  • Publish Date - July 31, 2026 / 01:08 AM IST,
    Updated On - July 31, 2026 / 01:08 AM IST

पुणे, 30 जुलाई (भाषा) लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के पड़पोते और तिलक स्मारक ट्रस्ट के अध्यक्ष रोहित तिलक ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोकमान्य तिलक पुरस्कार को राजनीति में नहीं घसीटा जाना चाहिए।

रोहित की यह प्रतिक्रिया शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत की उस टिप्पणी के मद्देनजर आई है, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल को लोकमान्य तिलक पुरस्कार देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक अगस्त को पुणे आमंत्रित करने के ट्रस्ट के फैसले की आलोचना की थी।

राउत ने दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में किसी का नाम लिए बगैर कहा कि कुछ ‘पुणेकर’ को शाह को बुलाने पर शर्म आनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन चलाने का आदेश दिया था।

रोहित ने कहा कि ऐसी टिप्पणियों की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि यह पुरस्कार राजनीति से ऊपर है।

उन्होंने कहा, “यह पुरस्कार अहम योगदान के लिए दिया जाता है और राष्ट्रीय सुरक्षा में डोभाल सर के योगदान के बारे में सभी जानते हैं। अमित जी के हाथों डोभाल सर को यह पुरस्कार मिलना एक अच्छा संयोग है, क्योंकि वह गृह मंत्री हैं।”

भाषा पारुल सुरभि

सुरभि