अमेरिका में फर्जी शरण दावे दाखिल करने पर भारतीय मूल के वकील पर जुर्माना

Ads

अमेरिका में फर्जी शरण दावे दाखिल करने पर भारतीय मूल के वकील पर जुर्माना

  •  
  • Publish Date - July 31, 2026 / 01:11 AM IST,
    Updated On - July 31, 2026 / 01:11 AM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 30 जुलाई (भाषा) अमेरिका ने अपने मुवक्किलों की ओर से फर्जी शरण दावे दाखिल करने के आरोप में भारतीय मूल के एक वकील पर 4.7 लाख अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया है। अमेरिकी गृह मंत्रालय (डीएचएस) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) की गृह सुरक्षा जांच (एचएसआई) इकाई ने दावा किया कि वकील सूरज राज सिंह ने शरण मांगने संबंधी 54 आव्रजन मामलों में 118 फर्जी दस्तावेज तैयार किए और दाखिल किए।

डीएचएस के जनरल काउंसल जेम्स पर्सिवल ने बयान में कहा, ‘‘हमने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि आव्रजन वकील अपने मुवक्किलों के लिए धोखाधड़ी करते हैं तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। इस सप्ताह हमने सूरज राज सिंह को 4,70,000 डॉलर से अधिक के जुर्माने का नोटिस जारी किया है। सिंह ने 118 फर्जी दस्तावेज दाखिल किए।’’

बयान में कहा गया कि शरण दावों के समर्थन में सिंह ने विदेशी नागरिकों के ऐसे बयान दाखिल किए, जिनकी भाषा और विषय-वस्तु एक जैसी या लगभग समान थी।

बयान के मुताबिक, इन दस्तावेजों में कथित उत्पीड़न से जुड़े तथ्यात्मक विवरण और समर्थन में दिए गए ब्योरे भी लगभग समान पाए गए।

भाषा सुरभि पारुल

पारुल