महाराष्ट्र परिषद चुनाव: पूर्व मंत्री बच्चू कडू शिवसेना में शामिल होकर चुनाव लड़ेंगे

महाराष्ट्र परिषद चुनाव: पूर्व मंत्री बच्चू कडू शिवसेना में शामिल होकर चुनाव लड़ेंगे

महाराष्ट्र परिषद चुनाव: पूर्व मंत्री बच्चू कडू शिवसेना में शामिल होकर चुनाव लड़ेंगे
Modified Date: April 30, 2026 / 12:41 pm IST
Published Date: April 30, 2026 12:41 pm IST

मुंबई, 30 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एवं प्रहार जनशक्ति पक्ष के प्रमुख बच्चू कडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल होंगे और आगामी विधान परिषद चुनाव लड़ने के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित विधान परिषद के नौ सदस्यों का कार्यकाल 13 मई को समाप्त हो रहा है।

विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) की नौ सीट के चुनाव और एक सीट के लिए उपचुनाव के तहत मतदान 12 मई को होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि बृहस्पतिवार अपराह्न तीन बजे है।

कडू ने यहां पत्रकारों से कहा कि उन्होंने बुधवार देर रात उपमुख्यमंत्री व शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे से मुलाकात की और किसानों, कृषि से जुड़े श्रमिकों तथा दिव्यांगों द्वारा सामना की जा रही कठिनाइयों के संबंध में अपनी मांगें उनके सामने रखीं।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने (शिंदे ने) मेरे उद्देश्यों के लिए समर्थन का आश्वासन दिया, इसलिए मैंने शिवसेना में शामिल होने का फैसला किया है। मैं एमएलसी चुनाव में शिवसेना उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल करूंगा।’’

यह बताते हुए कि उनकी राजनीतिक यात्रा शिवसेना से शुरू हुई थी, कडू ने कहा कि उनकी वापसी को अनजान व्यक्ति के तौर पर नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पार्टी के लिए नया नहीं हूं; मैं एक अंतराल के बाद वापसी कर रहा हूं।’’

कडू ने 1999 में तत्कालीन अविभाजित शिवसेना छोड़ दी थी और विदर्भ क्षेत्र के अमरावती जिले में प्रहार जनशक्ति पक्ष की स्थापना की थी।

सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के सहयोगियों में से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रमोद जठार, सुनील विनायक कर्जतकर, माधवी नाइक, संजय नत्थूजी भेंडे और विवेक बिपिनदादा कोल्हे को उम्मीदवार बनाया है।

इसने एक सीट पर उपचुनाव के लिए प्रज्ञा राजीव सातव को भी चुनावी मैदान पर उतारा है। यह सीट सातव के कांग्रेस एमएलसी के रूप में इस्तीफा दिए जाने से रिक्त हो गई थी, जिसके कारण यहां उपचुनाव हो रहा है।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में