महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने फडणवीस के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट के लिए ‘एक्स’ को नोटिस भेजा

महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने फडणवीस के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट के लिए ‘एक्स’ को नोटिस भेजा

महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने फडणवीस के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट के लिए ‘एक्स’ को नोटिस भेजा
Modified Date: February 4, 2026 / 01:08 am IST
Published Date: February 4, 2026 1:08 am IST

मुंबई, तीन फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ को नोटिस जारी करके उस अकाउंट को निष्क्रिय करने को कहा है, जिससे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की दावोस यात्रा के बारे में एक व्यंग्यात्मक पोस्ट साझा की गई थी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

लगभग 39 हजार फॉलोवर वाले ‘गजब भाउ’ नामक ‘एक्स’ हैंडल पर 20 जनवरी को स्विट्जरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक में शामिल होने गए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को निशाना बनाकर एक पोस्ट साझा की गई थी।

राज्य में साइबर अपराधों से निपटने वाली नोडल एजेंसी महाराष्ट्र साइबर ने इस पोस्ट को लेकर मिली शिकायत के बाद संज्ञान लिया। शिकायत में पोस्ट को आपत्तिजनक और भड़काऊ बताया गया था।

इसके बाद साइबर इकाई ने 22 जनवरी को ‘एक्स’ को नोटिस जारी किया और भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के निर्देशों का पालन नहीं करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

‘गजब भाउ’ अकाउंट के यूजर ने खुद यह नोटिस सोमवार को अपने अकाउंट पर पोस्ट किया।

पुलिस के अनुसार, यह नोटिस सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 79(3)(बी) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यस्थ दिशानिर्देश) नियम, 2011 के तहत भेजा गया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अकाउंट धारक ने एक संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट साझा की।

भाषा जोहेब संतोष

संतोष


लेखक के बारे में