महाराष्ट्र: ‘स्कूल के साथी’ प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद व्यक्ति को जमीन विवाद में न्याय की उम्मीद

Ads

महाराष्ट्र: ‘स्कूल के साथी’ प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद व्यक्ति को जमीन विवाद में न्याय की उम्मीद

  •  
  • Publish Date - September 13, 2026 / 07:34 PM IST,
    Updated On - September 13, 2026 / 07:34 PM IST

ठाणे, 13 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मीरा रोड निवासी 81-वर्षीय असगरअली वोहरा ने रविवार को भरोसा जताया कि ठाणे में जमीन विवाद के एक मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की उनकी मांग पूरी होगी।

उन्होंने यह उम्मीद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आठ सितंबर को हुई मुलाकात के बाद जताई।

वोहरा ने दावा किया कि उन्होंने गुजरात के वडनगर स्थित बीएन स्कूल में प्रधानमंत्री मोदी के साथ पढ़ाई की थी।

प्रधानमंत्री की उम्र 75 वर्ष है।

वोहरा ने बताया कि विवाद भयंदर पूर्व के नवघर में 2,810 वर्ग मीटर के एक प्रमुख भूखंड से जुड़ा है, जिसे उन्होंने 1989 में खरीदा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि 2011 में इस जमीन पर दो कंपनियों- ‘स्वयं बिल्डर्स’ और ‘सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शंस’ ने कथित रूप से अतिक्रमण कर लिया।

वोहरा ने दावा किया कि ये दोनों कंपनियां भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता से जुड़ी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि मूल मालिक की जानकारी के बिना जाली दस्तावेज तैयार कर भूखंड को धोखाधड़ी से दो संस्थाओं के बीच बांट दिया गया।

पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि वर्ष 2015 में प्राथमिकी दर्ज कराने के बावजूद उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला है।

वोहरा ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद यह मामला सुलझ जाएगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री से सीबीआई जांच कराने का अनुरोध किया था।

बुजुर्ग ने कहा कि इसके बाद मामले में कार्रवाई शुरू हो गई है और नगर निकाय के अधिकारियों ने 16 सितंबर को दोनों कंपनियों के प्रबंधन को स्पष्टीकरण देने के लिए बुलाया है।

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री एवं शिवसेना के वरिष्ठ नेता प्रताप सरनाईक ने इस मुलाकात की तस्वीरें ऑनलाइन साझा कीं और भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री अपने स्कूल के सहपाठी को न्याय दिलाएंगे।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश