ठाणे, 13 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी में एक नाले में कथित रूप से खतरनाक रासायनिक अपशिष्ट फेंकने और लोगों का स्वास्थ्य खतरे में डालने को लेकर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि 10 सितंबर को दोपहर मावजी कंपाउंड में अकाई टर्फ के पास नाले में रासायनिक अपशिष्ट फेंका गया जिसके बाद ठाणे सिटी अपराध शाखा की केंद्रीय अपराध इकाई के एक आरक्षी की शिकायत पर नारपोली थाने में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘आरोपियों ने डीजल इंजन पंप के जरिए एक टैंकर से तीखी गंध वाले, हल्के गुलाबी रंग के रासायनिक द्रव को स्थानीय नाले में बहाने की साजिश रची। नगर निगम के नियमों से बचने और अधिकारियों को गुमराह करने के लिए, उन्होंने कथित तौर पर एक फर्जी कर कागजात बनवाया, जिसमें दावा किया गया कि गाड़ी में पानी ले जाया जा रहा है।’’
अधिकारी ने बताया कि स्थानीय नगर निगम से बिना किसी मंजूरी के यह गैर-कानूनी काम किया गया, जिससे पास का जल स्रोत बुरी तरह प्रदूषित हो गया और स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा हो गया।
उन्होंने बताया कि प्राथमिकी में जिन लोगों के नाम हैं, उनमें टैंकर चालक मनोज कुमार विद्यानंद राम और पालघर की कंपनी ‘दोढिया केमटेक्स प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक सिद्धार्थ नारायण काटे और मोहम्मद इम्तियाज़ शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि उन पर धोखाधड़ी, सार्वजनिक जल स्रोत को प्रदूषित करने और हवा को सेहत के लिए हानिकारक बनाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा राजकुमार संतोष
संतोष