मुंबई, 27 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान नकल और अन्य कदाचार के विरूद्ध बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए राज्य भर में 107 परीक्षा केंद्रों की मान्यता रद्द कर दी है। मंत्री दादा भुसे ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा को यह जानकारी दी।
प्रश्नकाल के दौरान, भुसे ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले वर्ष की तरह ही फरवरी-मार्च 2026 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए एक निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए ‘‘नकल-मुक्त परीक्षा अभियान’’ शुरू किया है।
उन्होंने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए क्रमशः 31 और 76 परीक्षा केंद्रों की मान्यता को 13 जनवरी के आसपास कदाचार की घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद रद्द कर दिया गया।
मंत्री ने बताया कि कक्षा 10 और 12 के सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सहित प्रमुख सुरक्षा उपाय अनिवार्य किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बिना सीसीटीवी वाले परीक्षा केंद्रों पर अधीक्षकों, निरीक्षकों और अन्य कर्मचारियों को बदल दिया गया है तथा संवेदनशील केंद्रों पर विशेष स्थायी दल और ड्रोन तैनात किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सतर्कता समितियों का गठन किया गया है और 9 जनवरी को जारी एक सरकारी आदेश में उनकी भूमिकाओं को परिभाषित किया गया है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा में कदाचार के दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र कदाचार रोकथाम अधिनियम के तहत, कदाचार में लिप्त या उसे बढ़ावा देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ संज्ञेय और गैर-जमानती मामला दर्ज करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश