महाराष्ट्र सरकार 30 जून से पहले कृषि ऋण माफी योजना लागू करेगी : फडणवीस

Ads

महाराष्ट्र सरकार 30 जून से पहले कृषि ऋण माफी योजना लागू करेगी : फडणवीस

  •  
  • Publish Date - May 17, 2026 / 07:46 PM IST,
    Updated On - May 17, 2026 / 07:46 PM IST

पुणे, 17 मई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को घोषणा की कि राज्य सरकार 30 जून से पहले कृषि ऋण माफी योजना लागू करेगी, क्योंकि तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

फडणवीस ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने पहले ही विस्तृत चर्चा कर ली है और शेष कुछ जिलों से आंकड़े प्राप्त होने के बाद योजना को लागू किया जाएगा।

जब फडणवीस से मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे द्वारा आरक्षण मुद्दे पर नए सिरे से आंदोलन शुरू करने के दावे के बारे में पूछा गया, तो मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार ने समुदाय के लिए लगातार कदम उठाए हैं।

फडणवीस ने कहा, ‘‘विभिन्न संस्थान स्थापित किए गए हैं और मराठा युवा सिविल सेवा प्रतियोगियों की परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। शिक्षा छात्रवृत्तियां, छात्रावास और भरण-पोषण भत्ते जैसी योजनाएं जारी हैं। कोई भी योजना बंद नहीं की गई है।’’

जरांगे ने मराठा समुदाय की ‘‘अपूर्ण’’ मांगों को लेकर 30 मई से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की घोषणा की है और महाराष्ट्र सरकार को मराठवाड़ा में कुनबी जाति प्रमाण पत्र वितरित करने के लिए 29 मई की समय सीमा दी है। साथ ही उन्होंने फडणवीस पर प्रक्रिया को रोकने का आरोप लगाया है।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप